
व्यापारियों की रोजी रोटी नहीं चलने दे रहा है प्रशासन- अंजनी कुमार पांडे
लखनऊ। कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है जिसको लेकर प्रशासन ने भी सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। वहीं संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने व्यापारी की समस्याओं को सामने लाते हुए प्रशासन पर निशाना साधा है।
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडेय ने कहा कि प्रशासन की सख्ती से कोरोना महामारी के चलते पहले से ही परेशान व्यापारियों का उत्पीड़न प्रशासन द्वारा लगातार किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा की जा रही छापेमारी के बाद प्रतिष्ठान सील करने की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है। सरकारी कर्मचारी तो लॉकडाउन में घर बैठे पूरी तनख्वाह पाता है। व्यापारी दुकान बंद करके कैसे अपना घर चलाये।
इसके साथ ही अंजनी कुमार पांडे ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार व्यापारियों के प्रति सहानुभूति रखें जिस तरह से खुदरा व्यापार पर बार-बार प्रशासन द्वारा तरह तरह से हमला किया जा रहा है इससे व्यापारी कुछ समझ नहीं पा रहा है साथ ही परेशान और आक्रोशित है। वो किस तरह से काम करे, जिससे घर भी चल जाए और सरकार भी खुश रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार ने इस पर रोक नहीं लगाई तो संगठन व्यापारी हित में आंदोलन करने के लिए विवश होगा।