
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अनुच्छेद 370 को लेकर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। दिग्विजय सिंह का एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आती है, तो वह जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को फिर से बहाल करेगी। खास बात ये है कि दिग्विजय सिंह की क्लब हाउस चैट में पाकिस्तानी रिपोर्टर भी मौजूद था। इस सनसनीखेज ऑडियो को लेकर भाजपा ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है। भाजपा ने हमला बोलते हुए कहा कि यही तो पाकिस्तान चाहता है।
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला किया है। संबित पात्रा ने कहा- कांग्रेस का पाकिस्तान के साथ रिश्ता है। दोनों के बयान एक जैसे होते हैं, दोनों के विचार एक जैसे हैं। संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस पाकिस्तान की हां में हां मिला रही है। दरअसल, दिग्विजय सिंह का एक क्लबहाउस चैट वायरल हुआ है जिसमें वह कथित तौर पर आर्टिकल 370 की बहाली पर पुनर्विचार की बात कहते हुए सुने जा रहे हैं।
संबित पात्रा ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक बार फिर से टूलकिट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह का यह ऑडियो टूलकिट का ही हिस्सा है। टूलकिट के जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश हो रही है। संबित पात्रा ने आगे कहा कि राहुल गांधी ही इस टूलकिट गैंग के सरगना हैं। इस टूलकिट के तार दूर-दूर तक फैले हुए हैं। टूलकिट में पाकिस्तान के साथ-साथ चीन भी शामिल है।