
तमिल के पॉपुलर अभिनेता विवेक का शनिवार सुबह 59 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद शुक्रवार को चैन्नई के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेता विवेक ने सुबह 4.35 बजे अस्पताल में अंतिम सांस ली। अभिनेता विवेक के निधन के बाद तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके कई फैंस और फ्रेंड्स समेत सभी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्हें याद कर रहे हैं।
डॉक्टरों के मुताबिक सीने में दर्द की शिकायत के बाद विवेक को अस्पताल लाया गया था। जबकि दर्द से वह अपने घर पर ही वे बेहोश हो गए थे। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसकी वजह से लेफ्ट कोरोनरी ब्लड वैसेल में 100% ब्लॉकेज हो गया था। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि विवेक ने दो दिन पहले गुरुवार को ओएमंदुरार के एक सरकारी अस्पताल में COVID-19 वैक्सीन का पहला डोज लगवाया था। वहीं लोगों ने यह अफवाह फैलाना चालू कर दिया था कि वैक्सीन के कारण ही विवेक को हार्ट अटैक आया है। हालांकि, डॉक्टरों ने बताया था कि विवेक की तबीयत खराब होने का कारण वैक्सीन नहीं है। विवेक की रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि वे कोरोना से संक्रमित भी नहीं पाए गए थे।
लोगों से की थी वैक्सीन लगवाने की अपील
विवेक ने पहला डोज लगने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील भी की थी। उन्होंने कहा था, “वैक्सीन पूरी तरह से सेफ है और हॉस्पिटल में जाकर सभी इसे लगवा सकते हैं। विवेक ने प्राइवेट अस्पताल में जाने के बजाय सरकारी अस्पताल में जाकर वैक्सीन लगवाई थी और लोगों से भी ऐसा करने को कहा था। उन्होंने कहा था, “सरकारी अस्पताल तक लोगों की पहुंच ज्यादा होती है। और हम ये ना सोचें कि अगर हम वैक्सीन लगवा लेंगे तो बीमार नहीं पड़ेंगे, ध्यान तो हमें फिर भी रखना ही पड़ेगा। वैक्सीन इस बात के लिए हमें बस निश्चिंत कर सकती है कि इसे लगाने के बाद खतरा पहले से कम हो जाएगा।”