विश्व विख्यात मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना डा. कल्बे सादिक़ का हुआ निधन
by Shashank Mani
File photo
विश्व विख्यात मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना डॉक्टर कल्बे सादिक़ साहब का एरा मेडिकल कालेज में इंतक़ाल
लखनऊ। आल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष और शिया धर्म गुरु मौलाना डॉ कल्बे सादिक का मंगलवार की रात एरा हॉस्पिटल में निधन हो गया। वह कई दिनों से भर्ती थे। मौलाना सादिक को 17 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से उनकी लगातार तबीयत खराब चल रही थी। देश-विदेश में ख्याति प्राप्त डॉ. सादिक शिक्षा और खासकर लड़कियों और निर्धन बच्चों की शिक्षा के लिए हमेशा सक्रिय रहे। यूनिटी कॉलेज और एरा मेडिकल कालेज के संरक्षक भी थे। मौलाना सादिक ने कहा था कि हाथ में बंदूक थामकर कोई समाधान नहीं निकाला जा सकता है। बेगुनाहों के खून से हाथ लाल करने वाले इस्लाम को मानने वाले नहीं हो सकते। वह कहते थे कि किसी भी किस्म के आतंकवाद का वास्ता किसी भी मजहब से नहीं हो सकता। कल्बे सादिक के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त की है।