
लखनऊ। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को मंगलवार को यूपी पुलिस के हवाले कर दिया गया। मुख्तार अंसारी को पंजाब की रोपड़ जेल से यूपी की बांदा जेल में शिफ्ट किया जा रहा है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद यूपी पुलिस अंसारी को लेकर निकल गई।
मुख्तार अंसारी को एंबुलेंस से बांदा जेल ले जाया जा रहा है। वह एंबुलेंस में लेटकर निकला। उसके साथ डॉक्टरों की एक टीम भी है। पुलिस का काफिला काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अंसारी जिस एंबुलेंस में है, उसके आगे दो गाड़ियां भी चल रही हैं।
सूत्रों की माने तो मुख्तार अंसारी को सीधे बांदा जेल ले जाया जाएगा और यूपी पुलिस रात को भी सफर जारी रखेगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मऊ से बीएसपी विधायक मुख्तार अंसारी के खिलाफ प्रदेश में 50 से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं। जबकि उसके गिरोह के करीब 95 सदस्यों को यूपी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी उस पर कार्रवाई चल रही है।
रोपड़ जेल में बंद मुख्तार अंसारी की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश और पंजाब पुलिस कोई भी चूक नहीं करना चाहती है। सुरक्षा की गंभीरता इस बात से भी पता चलती है कि यूपी पुलिस की टीम में पुलिस के जवानों के साथ एक बटालियन पीएसी भी रोपड़ भेजी गई है।
पुलिस ने एंबुलेंस मामले में 1 को किया गिरफ्तार
मुख्तार अंसारी एंबुलेंस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी यूपी के मऊ का रहने वाला है। आरोप है कि डॉ अलका राय से एंबुलेंस के कागजात पर इसी आरोपी ने दस्तखत कराया था। बाराबंकी पुलिस की जांच और डॉ अलका राय से पूछताछ के बाद इस आरोपी का नाम सामने आया था। इस मामले में मऊ निवासी राजनाथ यादव निवासी अहिरौली थाना सराय लखनसी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।