
File photo
हुक्काबार में युवक को गोली मारने के दो आरोपित गिरफ्तार, पीड़ित की हालत में सुधार
लखनऊ। तालकटोरा थाने से कुछ दूरी पर स्थित हुक्का बार में रविवार रात पुराने विवाद के चलते युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपितों अभय पांडेय व उत्कर्ष को गिरफ्तार किया है। वहीं, गोली लगने से घायल गढ़ी कनौरा आलमबाग निवासी मारकंडेय अवस्थी की हालत खतरे से बाहर है। इंस्पेक्टर तालकटोरा धनंजय ङ्क्षसह के मुताबिक छानबीन में सामने आया है कि घटना के समय दोनों नामजद आरोपित मौजूद थे। वहीं, गोली मन्नू लोधी ने चलाई थी, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक 21 नवंबर को राजाजीपुरम के मिस्टर एंड मिसेज लॉन्ज में डीजे में गाना बजाने को लेकर अभय पांडेय और मारकंडेय अवस्थी के बीच विवाद हुआ था। रविवार को मारकंडेय अपने साथियों के साथ शीशा रेस्टोरेंट में गया था। यहां फिर से विवाद हो गया और मन्नू लोधी ने गोली मार दी थी। पुलिस ने लॉन्ज में छापा मारकर चार हुक्के बरामद किए और संचालक लकी ङ्क्षसह को हिरासत में लेकर कार्रवाई कर रही है।
पास में गर्ल्स कॉलेज फिर भी पुलिस बेपरवाह
खास बात यह कि तालकटोरा थाने से लगभग सौ मीटर पर यह घटना हुई। यहीं पास में लड़कियों के महाविद्यालय व निजी विद्यालय हैं। इसके बावजूद यहां हुक्का बार संचालित हो रहा था और पुलिस शांत बैठी थी। यही नहीं, राजाजीपुरम में मोहान रोड, पाल तिराहा, धनिया महरी पुल, सेक्टर-12 के मोहन भोग चौराहा, सेक्टर-13 में कोठारी बंधु, टिकैतराय तालाब, राजाजीपुरम में ए, बी ब्लॉक और पत्थरकटा मस्जिद के पास कई हुक्का बार संचालित हो रहे हैं, जिनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई से कतरा रही है।