
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन संविदा कर्मी संघ ने किया धरना प्रदर्शन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन संविदा कर्मी संघ के तत्वावधान में विद्युत संविदाकर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के घंटाघर सब स्टेशन पर धरना प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि विभागीय अफसर मनमाने तरीके से किसी भी कर्मचारी को हटा देते हैं। उसके स्थान पर दूसरा कर्मचारी रख लेते हैं। बाद में उन्होंने विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता को सौंपते हुए समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन संविदा कर्मी संघ के पदाधिकारियों ने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। संविदा कर्मचारियों का कहना है कि अधिकारी उन्हें ज़बरदस्ती ग़ैर जनपद में ट्रांसफर कर रहे हैं। आरोप है कि सभी की 7500 रुपये वेतन है और दूसरे शहरों में ट्रांसफर किया जा रहा है। इससे घर का ख़र्चा कैसे चल सकता है। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री से लेकर आला अधिकारियों के चक्कर लगा लगा कर थक चुके हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सीएम योगी से न्याय की गुहार लगाई है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी कर्मचारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
https://www.youtube.com/watch?v=-P48rCfV3mE